ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गूंजा खिलाड़ियों का जोश, दमदार प्रदर्शन से छाया उत्साह!

बिल्थरा रोड (बलिया)। सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली बड़ागांव में रविवार को आयोजित द्वितीय इंटर स्कूल स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 खेल प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बना। प्रदेश के विभिन्न जनपदों—प्रयागराज, आजमगढ़, देवरिया व सलेमपुर से आए खिलाड़ियों ने अपने दमखम और हुनर का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा परिसर तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीओ रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि “जीत और हार के बीच केवल मेहनत का अंतर होता है। निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।” साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को 1930 हेल्पलाइन की जानकारी देकर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
प्रतियोगिता के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। हिमांशु निषाद (देवरिया) ने शक्ति पाल को हराकर शानदार जीत दर्ज की, जबकि आदर्श विश्वकर्मा और कृष्णा के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बालिका वर्ग में अनाबिया अदनान और प्रोमिशी सिंह के बीच हुए मुकाबले में प्रोमिशी सिंह ने जीत हासिल की। वहीं प्रांजल यादव ने शिवम गुप्ता को हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा दिव्या गुप्ता, सान्वी यादव और शौर्या मिश्रा ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जे.आर. मिश्रा एवं प्रिंसिपल शीला मिश्रा ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गोरख पासवान, उभांव थानाध्यक्ष दिनेश पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खेल के इस महाकुंभ ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *