30 से अधिक फॉर्म-6 भरने वाले चार बीएलओ सम्मानित, एसडीएम शरद चौधरी ने बढ़ाया उत्साह

बेल्थरा रोड। मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित करने के लिए तहसील सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 30 से अधिक फॉर्म-6 भरकर सराहनीय कार्य करने वाले चार बीएलओ को एसडीएम शरद चौधरी ने सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले बीएलओ में ज्ञानप्रकाश, शोमा यादव, श्रीमती अलका कुमारी और गायत्री देवी शामिल रहीं। इनमें शिक्षामित्र एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
इस अवसर पर एसडीएम शरद चौधरी ने बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
सम्मान समारोह के माध्यम से प्रशासन ने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए अन्य बीएलओ को भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
