मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर एसडीएम सख्त, 20 BLO का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश, 3 से मांगा स्पष्टीकरण

बेल्थरा रोड। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कार्य में शिथिलता बरतने और निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने के मामले में एसडीएम बेल्थरा रोड शरद चौधरी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। वहीं, तीन अन्य बीएलओ से अनुपस्थित रहने के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही और जिम्मेदारी के प्रति उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जद में आए कुल 20 बीएलओ में छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सात सहायक अध्यापक और सात शिक्षा मित्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तीन कर्मचारियों से अनुपस्थित रहने को लेकर जवाब मांगा गया है। उनके स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम बेल्थरा रोड शरद चौधरी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें तैनात सभी कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य के प्रति जिम्मेदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निर्वाचन संबंधी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
