बिल्थरा रोड में देर रात हमला: युवक पर लाठी-डंडों से वार, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती

बलिया जनपद के बेल्थरा रोड क्षेत्र में शनिवार देर रात मधुबन ढाला के पास एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में सीएचसी सीयर ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
घायल युवक की पहचान शिवम गुप्ता (24) पुत्र जयप्रकाश गुप्ता के रूप में हुई है, जो नगर के एक पेंट स्टोर पर काम करता है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे जब शिवम अपने घर पहुंचकर साइकिल खड़ी कर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
हमले में शिवम को गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें उसका एक हाथ भी बुरी तरह जख्मी हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों को देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित शिवम ने बताया कि 17 अप्रैल को पूर्वांचल सिनेमा गली निवासी एक युवक से उसके प्रतिष्ठान पर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान किया था। आशंका जताई जा रही है कि यह हमला उसी पुराने विवाद का नतीजा है।
इस मामले में सीओ रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी क्षेत्र में एक अन्य युवक पर हमला हो चुका है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

