बिल्थरा रोड में निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, 39 बीएलओ का एक दिन का वेतन कटा, 3 को कारण बताओ नोटिस जारी

बिल्थरा रोड। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार, 21 नवंबर 2026 को आयोजित विशेष तिथि पर तीन बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर अनुपस्थित मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, 39 बीएलओ के बूथों पर एक भी फॉर्म-6 नहीं भरे जाने पर उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।

इस संबंध में बेल्थरा रोड के उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष तिथि 21 नवंबर को निरीक्षण के दौरान तीन बीएलओ अपने बूथों पर अनुपस्थित पाए गए, जिनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अतिरिक्त 39 बीएलओ के बूथों पर फॉर्म-6 की संख्या शून्य पाए जाने पर उनका आज का एक दिन का वेतन काटा गया है।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग का महत्वपूर्ण अभियान है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या कार्य के प्रति शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ को अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई से निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अभियान में लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *