हनुमान मंदिर के सामने गली में मिले अज्ञात व्यक्ति की मौत, पहचान में जुटी पुलिस


बिल्थरा रोड नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित चौधरी चरण सिंह तिराहा के पास हनुमान मंदिर के सामने वाली गली में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति बुधवार दोपहर करीब 1 बजे गली में प्रवेश किया था। वह क्षेत्र में कूड़ा उठाने का कार्य करता था और हैंडपंप के पास आकर बैठ गया। इसके बाद वह वहीं पड़ा रहा।
करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने देखा कि व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पड़ा है और उसके शरीर में किसी प्रकार की कोई गतिविधि नहीं हो रही है। इसके बाद तत्काल सीयर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीयर चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सियर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। उसने पीले रंग की टी-शर्ट और सफेद धोती पहन रखी थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *