बेल्थरारोड की तीन प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर और फुटपाथ बनाने की मांग

बेल्थरारोड। नगर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए अधिवक्ता देवेंद्र कुमार गुप्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर पहल की है। उन्होंने शनिवार को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर नगर की तीन प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर और दोनों तरफ फुटपाथ बनाने की मांग की।

अधिवक्ता देवेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि नगर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर और पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ नहीं होने से आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। कई बार वाहन आमने-सामने आ जाते हैं, जिससे लोगों की जान भी जा चुकी है।

उन्होंने मधुबन रेलवे ढाला से बस स्टैंड, चौकियां मोड़ होते हुए सीओ कार्यालय और उभांव थाना तक सड़क निर्माण, तिरई रेलवे ढाला से इमिलिया, तहसील, चौकियां मोड़ होते हुए फरसाटार और मालीपुर तक सड़क निर्माण तथा रेलवे स्टेशन से चौधरी चरण सिंह तिराहा, चौकियां मोड़ और पिपरौली होते हुए बिल्थरा बाजार तक के मार्ग पर डिवाइडर और फुटपाथ बनाने की मांग की है।

उन्होंने प्रशासन से पीडब्ल्यूडी, राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम गठित कर इन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का आग्रह किया। साथ ही सड़कों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *