बिल्थरा रोड में दर्दनाक घटना: कोचिंग संचालक ने फांसी लगाकर दी जान!



नगर पंचायत बिल्थरा रोड के यादव नगर, वार्ड नंबर 11 (सोनाडीह मोड़ के पास) सोमवार शाम करीब 4 बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कोचिंग संचालक मनीष शर्मा (लगभग 27 वर्ष, पुत्र गिरधारी शर्मा) ने अपने कोचिंग स्थल पर लोहे के एंगल में रस्सी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, खासकर मां और बहनों का विलाप देखकर माहौल गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि मनीष दो भाइयों में बड़े थे। तीन बहनों में से दो की शादी हो चुकी है, जबकि उनकी खुद की शादी नहीं हुई थी। उनके पिता यादव नगर के सामने लोहे का काम करते हैं और मूल रूप से नावानगर के निवासी हैं, जो पिछले कुछ वर्षों से बिल्थरा रोड में ही रह रहे थे। मनीष किराए के मकान में कोचिंग चलाते थे।
पड़ोसियों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे वह खाना खाने के बाद कोचिंग के लिए निकले थे और रास्ते में कई लोगों से सामान्य तरीके से नमस्कार भी किया। इसके करीब एक घंटे बाद यह दुखद घटना सामने आई।
सूचना पर सीयर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक टीम का इंतजार किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
