दिल दहला देने वाली घटना: कूलर की हवा से नवजात की मौत, परिवार में मचा कोहराम !
बिल्थरारोड (बलिया), वार्ड-13:
नगर पंचायत क्षेत्र के बस स्टेशन शिव मंदिर के आगे पुराने मोहल्ले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सुधीर पुत्र स्वर्गीय हरिंदर मद्देशिया के डेढ़ माह के नवजात पुत्र की नींद में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
परिवार वालों के अनुसार, भोर में लगभग 3 बजे उसकी माँ ने उसे दूध पिलाकर सुलाया, लेकिन सुबह 5 बजे जब देखा गया तो उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह पहले ‘मद्धेशिया भोजनालय’ के नाम से जाना जाता था। अब वहां किराने की दुकान संचालित हो रही है, और उसी दुकान से सटे मकान में यह दुखद हादसा हुआ।
परिजन इस मौत का कारण ठंडी हवा और कूलर की तीव्रता को मान रहे हैं, लेकिन असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मोहल्ले में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई स्तब्ध है।

