अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, चार डंपर किए गए सीज

बिल्थरा रोड (बलिया)। तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार डंपरों को सीज कर दिया। उपजिलाधिकारी शरद चौधरी के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बांसपार बहोरवा में छापेमारी कर अवैध मिट्टी परिवहन का भंडाफोड़ किया।

निरीक्षण के दौरान चार डंपर अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन करते पाए गए। जब वाहन चालकों से संबंधित वैध अभिलेख मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को सीज कर उभांव थाने के सुपुर्द कर दिया।

उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने कहा कि अवैध खनन एवं प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, जबकि क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *