केबलिंग कार्य अधूरा, वार्ड-3 जीएम फील्ड की गली में हर 2-3 दिन पर गिर रहा HT तार, खतरे में जान-माल

बिल्थरारोड (बलिया): नगर के बीचोबीच स्थित वार्ड नंबर-3, जीएम फील्ड वाली गली इन दिनों बिजली विभाग की लापरवाही की ज़िंदा मिसाल बन चुकी है। इस गली में अब तक बिजली की केबलिंग नहीं हो पाई है, जिसके चलते हर दो से तीन दिन में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर रहा है। यह स्थिति खासकर रात्रि में बेहद खतरनाक बन जाती है, क्योंकि टूटे तार अंधेरे में नजर नहीं आते।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। थोड़ी-सी हवा या बारिश होने पर तारों के गिरने की आशंका बनी रहती है। इससे बिजली आपूर्ति ठप होने के साथ-साथ लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है।
जानकारी के मुताबिक, बिल्थरारोड क्षेत्र में कुछ स्थानों — विशेषकर गलियों म— बिजली के तारों को व्यवस्थित ढंग से केबलिंग में बदला गया है, लेकिन बाकी गलियों को अब तक नज़रअंदाज़ कर दिया गया है।
जब इस विषय में बिजली विभाग के जेई से बात की गई तो उन्होंने बताया कि,
> “टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार ने अधिकतर स्थानों पर कार्य पूरा कर दिया है। कुछ जगहें छूट गई हैं। विभाग द्वारा फिर से अनुरोध भेजा गया है कि शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।”
अब सवाल ये उठता है कि आधे-अधूरे कार्य की सज़ा आम जनता कब तक भुगतती रहेगी?
