कड़सर के पास दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, बच्चे घायल !

बिल्थरारोड।
उभांव थाना क्षेत्र के नरला मार्ग पर कड़सर गांव के समीप रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव समेत परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदाडीह गांव निवासी तथा पूर्व विधायक केदारनाथ वर्मा के भतीजे धर्मेंद्र वर्मा (40 वर्ष) पुत्र स्व. हरिशंकर वर्मा रविवार को अपने पुत्र यशु (12 वर्ष) और पुत्री सुरभि (8 वर्ष) के साथ बाइक से मालदा जूता खरीदने जा रहे थे। जैसे ही वे कड़सर गांव से आगे बढ़े, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और ट्रैक्टर-ट्रॉली का चक्का उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्चों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सीएचसी सीयर पहुंचाया गया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने धर्मेंद्र वर्मा को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों सहित पूरे गांव में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली उन्हीं के ईंट-भट्ठे की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *