बिल्थरा रोड में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, एसआईआर अभियान को गति देने का आह्वान
बिल्थरा रोड।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को बेल्थरा रोड में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने की। इस अवसर पर उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान को समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता लोकतंत्र को मजबूत करने की बुनियाद है। उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत मृतक, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जबकि योग्य नागरिकों के नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ संपन्न करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ राजेश कुमार जायसवाल, सुपरवाइजर दिलीप कुशवाहा एवं राजी कमाल पासा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही निर्वाचन जागरूकता अभियान में योगदान देने वाले एनसीसी कैडेट्स के कमांडरों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने मतदाता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

