बेल्थरा रोड में भीषण गर्मी के बीच दयाल फ़ाउंडेशन की अनूठी पहल



हजारों लोगों के बीच शीतल जल से भरे छागल का वितरण
बेल्थरा रोड (बलिया)। भीषण गर्मी और तेज धूप से लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से दयाल फ़ाउंडेशन ने बेल्थरा रोड क्षेत्र में जनहित का सराहनीय अभियान चलाते हुए हजारों लोगों के बीच शीतल जल से भरे छागल (जूट के थैले) का वितरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत चौकियां मोड़ स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद चौकियां मोड़, रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न स्थानों पर राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों एवं जरूरतमंद लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर दयाल फ़ाउंडेशन के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ के संयोजक राजेश सिंह दयाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन लगातार निःशुल्क मेडिकल कैंपों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता रहा है और भीषण गर्मी में शीतल जल वितरण उसी सेवा भावना का विस्तार है।
अपने पुत्र के आकस्मिक निधन को याद करते हुए श्री दयाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में एक हादसे में अपने पुत्र को खोने के बाद उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। यही कारण है कि स्वास्थ्य और जनसेवा से जुड़े कार्य उनके लिए विशेष महत्व रखते हैं।
छागल वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल सिंह, दयानंद राजभर, जसुराम राजभर, शेख एजाजुद्दीन सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौरतलब है कि दयाल फ़ाउंडेशन के माध्यम से अब तक लाखों जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क मेडिकल कैंपों के जरिए इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
