तेंदुहारी पोखरे के पास दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की मौत, सह चालक गंभीर

घायल सहकर्मी

बिल्थरारोड /उभांव थाना क्षेत्र के तेंदुहारी पोखरे के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल सह चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी आदर्श मद्धेशिया  व राम नरेश भारती ने बताया कि हादसे में चालक प्रवीण राजभर (24 वर्ष), पुत्र मोती राजभर, निवासी पड़री की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *