बिल्थरारोड /बेसिक शिक्षा व बाल विकास परियोजना विभाग के संयुक्त तत्वाधान में गोष्ठी संपन्न


बिल्थरारोड /बेसिक शिक्षा व बाल विकास परियोजना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जूनियर हाई स्कूल सीयर परिसर में गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में बच्चों के सर्वांगीण विकास व अध्ययन के प्रति अभिरुचि उत्पन्न करने के संबंध में चर्चा की गई। गोष्ठी का शुभारंभ उपजिलाधिकारी दीपशिखा सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलित कर किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि छात्रों की नैसर्गिक प्रतिभा के विकास में अभिभावकों की अहम भूमिका है। उन्होंने छात्रों के उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। नगर पंचायत के निवर्तमान चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। गुप्त ने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि छात्रों की शत-प्रतिशत विद्यालय में उपस्थिति आवश्यक है। इसमें अभिभावकों का सहयोग अपेक्षित है। इस दौरान समारोह में विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थित रहने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और डायरी देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्कूल रेडिनस निपुण भारत के तहत आठ अध्यापकों व दो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कम्पोजिट विद्यालय सीयर, प्राथमिक विद्यालय तिरनई खिजिरपुर, बुद्धिपुर आदि विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा सहायक शिक्षक सामग्री प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी एसडीएम ने सराहना की। खंड विकास अधिकारी मधुछंदा सिंह ने गोष्ठी का समापन किया। इस मौके पर सीडीपीओ सरस्वती शाक्या, आलोक गुप्ता, राममनोहर गांधी, देवेंद्र वर्मा, आलोक रंजन, कृष्णानंद सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरिप्रभाव सिंह, जितेंद्र मौर्य, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
