बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण की पहल, पौधरोपण और प्लास्टिक बहिष्कार का संदेश !
बिल्थरा रोड (बलिया)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायक पहल की गई। इस अवसर पर स्टेशन के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएचआई) के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छायादार व औषधीय पौधों का रोपण किया गया।


कार्यक्रम में उपस्थित रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों व स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। विशेष रूप से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए इसके पूर्ण बहिष्कार की अपील की गई। वक्ताओं ने बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग न केवल जल और मृदा प्रदूषण का कारण बनता है, बल्कि यह जीव-जंतुओं के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं, बल्कि इसमें जन-सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और छोटे-छोटे कदमों से बड़ा बदलाव लाएं।
स्टेशन अधीक्षक राजू भारती ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न सिर्फ स्टेशन परिसर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि यात्रियों और आम नागरिकों में भी जागरूकता पैदा करते हैं।
इस अवसर पर जीआरपी प्रभारी सूरज प्रसाद कन्नौजिया, वरिष्ठ रेलवे कर्मी लालमुनि सिंह सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और स्वच्छ, हरित व प्लास्टिक-मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
