बैरिया में सनसनी: एक घर से दो लाशें, फंदे पर रवि… बक्से में मिली लापता किन्नर रेखा
Ballia के बैरिया थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक ही मकान से दो शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में 25 वर्षीय रवि गुप्ता और तीन दिन से लापता किन्नर रेखा शामिल हैं।
फंदे पर लटका मिला रवि
बताया जा रहा है कि बुधवार रात भोजन के बाद रवि तीसरी मंजिल पर सोने चला गया था। गुरुवार सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और रवि रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौथी मंजिल के बक्से में मिला रेखा का शव
मामले ने उस वक्त और भयावह मोड़ ले लिया जब तलाशी के दौरान पुलिस को घर की चौथी मंजिल पर करकट शेड में रखे एक बड़े बक्से से किन्नर रेखा का शव बरामद हुआ। रेखा पिछले तीन दिनों से लापता थी और उसकी तलाश जारी थी।
CCTV ने बढ़ाया शक
जांच में सामने आया कि सीसीटीवी फुटेज में रेखा को रवि गुप्ता के घर में प्रवेश करते देखा गया था, लेकिन बाहर निकलते हुए वह कहीं दिखाई नहीं दी। इसी आधार पर पुलिस ने पहले ही रवि गुप्ता और उसके पिता विजय गुप्ता से पूछताछ की थी, हालांकि तब कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा था।
सवालों के घेरे में कई पहलू
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि—
क्या रवि ने किसी दबाव में आत्महत्या की?
रेखा की मौत कैसे हुई?
उसका शव चौथी मंजिल के बक्से तक कैसे पहुंचा?
फिलहाल पुलिस रवि के पिता और पत्नी से गहन पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस दोहरी मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।
इलाके में दहशत का माहौल है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल—आखिर उस घर में तीन दिनों के भीतर ऐसा क्या हुआ?
