बिल्थरा रोड हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बलिया, 29 मार्च। थाना भीमपुरा क्षेत्र में हुए हत्या कांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में थाना भीमपुरा पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी ने थाना भीमपुरा में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता, जो बेल्थरा रोड स्थित एक मोबिल एजेंसी पर कार्यरत थे, 20 मार्च 2026 की शाम घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान ग्राम सरया के पास उनका शव बरामद हुआ। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
विवेचना के दौरान घटना में संलिप्त दो आरोपियों का नाम प्रकाश में आया। 28 मार्च को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नीरज यादव एवं मुकेश यादव उर्फ जज, निवासी तेंदुआ पाही थाना उभांव को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक से पूर्व में हुए विवाद व बेइज्जती का बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *