पुलिसिया कार्रवाई से हड़कंप: ताजिया ले जाते समय हुए विवाद में चली गोली, चार घायल  थाना रेवती के एसओ लाइन हाजिर, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

बलिया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 06.07.2025 को देर रात करीब 11 बजे थाना रेवती क्षेत्र के ग्राम खरिका में ताजिया ले जाते समय साधू यादव के घर के सामने बिजली के तार को लेकर विवाद हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थिति को शांत कराया, लेकिन लौटते वक्त फिर से विवाद बढ़ गया और मारपीट के दौरान गोली चलने की सूचना मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह स्वयं अन्य अधिकारियों व फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस विवाद में एक पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को गोली लगने की आशंका है, बाकी को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इस मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह ने प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में रेवती थाने में नियुक्त उपनिरीक्षक जितेन्द्र पाण्डेय व आरक्षी आनन्द कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, थानाध्यक्ष रेवती श्री प्रशान्त कुमार को पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने के कारण लाइन हाजिर कर दिया गया है।

प्रकरण की विस्तृत जांच का जिम्मा क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपा गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *