वन दरोगा पर शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 17 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा !

बिल्थरा रोड / उभाँव थाना क्षेत्र में तैनात एक वन दरोगा के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आखिरकार 17 दिन बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता की शिकायत पर उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उभांव थाना पुलिस ने आरोपी वन दरोगा उग्रसेन कुमार के विरुद्ध केस पंजीकृत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 3 फरवरी को उभांव थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी वन दरोगा ने शादी का आश्वासन देकर करीब आठ माह तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब उसने विवाह का दबाव बनाया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की।
सूत्रों के मुताबिक, मामला संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अब पुलिस की आगे की विवेचना और संभावित गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *