पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने डॉ. आंबेडकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बस डिपो में शिव मंदिर का रास्ता खुलवाने की मांग
बिल्थरारोड (बलिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे चौकियां मोड़ स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर भागलपुर के समीप इसारू ग्राम निवासी स्वर्गीय मोहन राजभर के निधन के बाद उनके परिजनों से मुलाकात कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चौकियां मोड़ पर रुककर उन्होंने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सुभासपा अनुसूचित मोर्चा के विधानसभा अध्यक्ष देवनंदन भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर मद्देशिया वैश्य सेवा समिति बेल्थरारोड की ओर से पंचायती राज मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर बेल्थरारोड रोडवेज डिपो परिसर में निर्माणाधीन शिव मंदिर के मुख्य रास्ते को खुलवाने की मांग की गई। समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद मद्देशिया ने बताया कि रोडवेज डिपो परिसर में नगरवासियों और रोडवेज कर्मचारियों के सहयोग से भव्य शिव मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर के निर्माण में अब तक करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
समिति का आरोप है कि मंदिर के मुख्य द्वार की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिए जाने के कारण मंदिर का निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मंत्री से जनहित में रास्ता खुलवाने की मांग की गई, ताकि मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो सके और आम नागरिकों को पूजा-पाठ में सुविधा मिल सके।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समिति के पदाधिकारियों की बात सुनते हुए मामले को देखने का आश्वासन दिया।



