तुर्तिपार में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, 7 वर्षीय बेटी ने देखा मर्मांतक दृश्य

उभांव (बलिया)। थाना उभांव क्षेत्र के तुर्तिपार गांव के कशेर टोला में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका (पत्नी दुर्गेश कशेरा) ने बुधवार सुबह घर का खाना बनाने के बाद सामान्य दिनचर्या पूरी की। पड़ोसियों के मुताबिक, इसके बाद उसका पति कबाड़ खरीदने के काम से बाहर चला गया, जबकि लगभग 7 वर्षीय बेटी स्कूल चली गई थी।
दोपहर में जब बेटी स्कूल से घर लौटी और दरवाजा खटखटाया, तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। घबराई बच्ची ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए— प्रियंका फांसी के फंदे से लटकी हुई थी।
सूचना मिलते ही थाना उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्त ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि मृतका का मायका पडरौना में है। घटना की सूचना मायके पक्ष को भी दे दी गई है। इधर, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है। मासूम बेटी की स्थिति देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *