उमाशंकर सिंह के खनवर स्थित आवास पर आयकर विभाग की छापेमारी, दिनभर चली कार्रवाई!
बलिया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमाशंकर सिंह के बलिया जनपद के खनवर गांव स्थित आवास पर बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग आसपास जुटने लगे।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार आयकर विभाग का दल पूर्वान्ह लगभग 10 बजे खनवर गांव स्थित आवास पर पहुंचा। टीम के पहुंचते ही मुख्य द्वार का गेट बंद कर दिया गया तथा किसी भी व्यक्ति के अंदर-बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई। छापेमारी की कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग के अधिकारी घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच-पड़ताल में जुटे रहे। हालांकि आधिकारिक रूप से छापेमारी के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। देर शाम तक टीम की कार्रवाई जारी रही।
गौरतलब है कि उमाशंकर सिंह पहली बार वर्ष 2012 में बसपा के टिकट पर रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार विधानसभा पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया।
छापेमारी की इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

