उभांव: अलाव ताप रहे बृद्ध की मौत !

बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के तीरनई खिजीरपुर ग्राम में बुधवार की रात अलाव तापते समय मड़हे में लगी आग की चपेट में आने से वृद्ध की झुलस कर मौत हो गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। बताया जाता है कि तीरनई खिजीरपुर निवासी श्रीराम (70) पुत्र जतन राम मड़हे में ठंड से बचाव के लिए आग ताप रहा था। इस दौरान अलाव से निकली चिंगारी से मड़हे में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते मड़हा धू- धू कर जलने लगा। इस दौरान मड़हे में आग ताप रहा श्रीराम भाग नहीं सका और आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस कर दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। उभांव इंस्पेक्टर राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
