सरयू नदी में स्नान के दौरान 18 वर्षीय शिवेंन यादव उर्फ सनी डूबे, तलाश में जुटी पुलिस व ग्रामीण!

बिल्थरा रोड (बलिया)। उभाँव थाना क्षेत्र के महुआतर गांव निवासी शिवेंन यादव उर्फ सनी (18 वर्ष), पुत्र कमलेश यादव, शुक्रवार सुबह सरयू नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवेंन अपने छोटे भाई के साथ चैनपुर गुलौरा स्थित शिव मंदिर के पास सुबह करीब 7:30 बजे सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद छोटे भाई ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत जुटे, लेकिन तब तक वह नदी में डूब चुके थे।
स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई, जो खबर लिखे जाने तक करीब डेढ़ घंटे से जारी है। सूचना मिलते ही उभाँव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि शिवेंन यादव उर्फ सनी ने इस वर्ष सेंट्रल पब्लिक स्कूल से 12वीं (इंटरमीडिएट) की परीक्षा दी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *