सीएचसी सीयर में इलाज के दौरान दामाद ने ससुर पर किया चाकू से जानलेवा हमला, बचाव में आई पत्नी भी घायल
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के मलेरा गांव निवासी हीरालाल पर रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर में इलाज के दौरान उनके दामाद बसंत ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। हमले में हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पुत्री वंदना के हाथ में भी चाकू लग गया। घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वंदना की शादी फरसाटार निवासी बसंत से हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। वंदना का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर वह शनिवार को अपने मायके मलेरा आ गई थी। रविवार को बसंत वहां पहुंचा और विवाद के बाद उसे इलाज के लिए सीएचसी सीयर लाया गया।
आरोप है कि इलाज के दौरान बसंत अचानक उग्र हो गया और अपने ससुर हीरालाल के पेट में चाकू घोंप दिया। पिता को बचाने के प्रयास में वंदना भी घायल हो गई।
घटना के बाद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर हीरालाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, पेट में गहरा घाव होने से आंतरिक रक्तस्राव हो रहा है, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वारदात से अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी बसंत को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उभांव पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
