बरौली बाजार में बेकाबू क्रेटा सब्जी विक्रेता पर चढ़ी, बुजुर्ग गंभीर; आक्रोशित लोगों ने चालक को पीटा, कार में की तोड़फोड़

बलिया। जनपद के भीमपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौली बाजार में रविवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगाए बैठे एक बुजुर्ग दुकानदार पर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर कार में तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार  के चालक अवधेश कुमार, पुत्र स्वर्गीय विश्वेरी राम, निवासी ग्राम सिकरी, थाना मधुबन, जनपद मऊ, अपनी ससुराल रामपुर असाधिया से भीमपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरौली बाजार में कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पटरी पर सब्जी की दुकान लगाए बैठे सुभाष मौर्य (70 वर्ष), पुत्र जगन्नाथ मौर्य, निवासी तिरनई मौलराय, थाना भीमपुरा, जनपद बलिया, को जोरदार टक्कर मारते हुए उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे में सुभाष मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और आक्रोशित लोगों ने चालक अवधेश कुमार की पिटाई कर दी। इसके साथ ही कार में भी तोड़फोड़ की गई।
सूचना मिलते ही भीमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को तत्काल नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था बहाल की। पुलिस ने घायल बुजुर्ग सब्जी विक्रेता तथा चालक, दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस का कहना है कि मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *