पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: लखनऊ से बेल्थरा रोड आ रही रोडवेज बस पिकअप से टकराकर पिलर से भिड़ी, चालक और महिला समेत 3 की मौत, 32 से अधिक घायल!


पशुओं से लदी पिकअप से टक्कर के बाद पिलर से टकराई बस, 32 से अधिक यात्री घायल; मृत महिला की पहचान कराने में जुटा प्रशासन
आजमगढ़/बेल्थरा रोड। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में माइलस्टोन नंबर 191 के पास हुआ। घायलों में अधिकांश यात्री मऊ और बलिया जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस गुरुवार रात करीब 10 बजे 76 यात्रियों को लेकर लखनऊ से बलिया जिले के बेल्थरा रोड के लिए रवाना हुई थी। रात करीब एक बजे पवई थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन नंबर 191 के पास बस की पशुओं से लदी एक पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बस चालक समेत तीन की मौत
हादसे में रोडवेज बस चालक रजनीकांत यादव (35) पुत्र सुरेश यादव, निवासी मऊ की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा दो महिला यात्रियों की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है। एक महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
वहीं, एक अन्य मृत महिला की पहचान कराने के लिए बेल्थरा रोड प्रशासन ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी फोटो साझा की है। प्रारंभिक जानकारी में महिला के बेल्थरा रोड की रहने वाली होने की बात सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन और पुलिस महिला की शिनाख्त कराने में जुटे हुए हैं।
32 से अधिक यात्री घायल
हादसे में 32 से 34 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों पर भी भेजे जाने की प्रक्रिया की गई।
अस्पताल पहुंचा प्रशासनिक अमला
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेयी, एडीएम प्रशासन नवीन चावला और एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मंडलीय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों का प्राथमिकता के आधार पर समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पिकअप चालक की लापरवाही की बात सामने आई
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसा पिकअप चालक की लापरवाही के कारण होना सामने आ रहा है। पिकअप में पशु लदे हुए थे। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पिकअप किसकी थी तथा उसका चालक कौन था।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस पिकअप मालिक और चालक की पहचान सहित हादसे के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पहचान होने के बाद संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देर रात हुए इस भीषण हादसे से बेल्थरा रोड और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
