दोहरीघाट पंप कैनाल से निकलीं दो प्राचीन प्रतीत होने वाली मूर्तियां, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़; पुलिस ने कब्जे में लिया


बिल्थरा रोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के जाहिदपुर (झंगहटा) गांव के समीप स्थित दोहरीघाट पंप कैनाल में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मछली पकड़ रहे एक युवक के जाल में दो प्राचीन प्रतीत होने वाली मूर्तियां फंस गईं। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्रामीणों ने नहर पर बनी पुलिया पर दोनों प्रतिमाओं को रखकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। दर्शन और पूजा के लिए आसपास के कई गांवों से भी लोग पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक मूर्ति का वजन लगभग 8 से 9 किलोग्राम बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही उभांव थाना के सब-इंस्पेक्टर सुमित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मूर्तियों को अपने कब्जे में लेकर उभांव थाने भेज दिया। साथ ही पूरे घटनाक्रम से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
फिलहाल मूर्तियों की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा जांच और परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रतिमाएं किस काल की हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दिनभर इन्हीं मूर्तियों की चर्चा होती रही।
