बिल्थरा रोड: CDS में ऑल इंडिया 27वीं रैंक, सौरभ यादव बने वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर


बलिया/बिल्थरा रोड। क्षेत्र के ग्राम बभनियाव (अखोप) निवासी सौरभ कुमार यादव ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित CDS परीक्षा में ऑल इंडिया मेरिट सूची में 27वां स्थान प्राप्त कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित होकर जनपद का मान बढ़ाया है।
सौरभ, विजय चंद यादव के पुत्र हैं, जो भारतीय सेना से नायक सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हैं। सैनिक परिवार से आने वाले सौरभ को बचपन से ही अनुशासन, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिली, जिसका परिणाम उनकी इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, नेहरू रोड लखनऊ से हुई। इसके बाद उन्होंने गलगोटिया कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की, जो APJ Abdul Kalam Technical University, लखनऊ से संबद्ध है।
वर्तमान में उनके माता-पिता लखनऊ के तेलीबाग क्षेत्र में निवास करते हैं। परिवार में शिक्षा का विशेष महत्व है—उनकी बड़ी बहन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हैं, जबकि दूसरी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
सौरभ की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
सैनिक पिता के संस्कार और बेटे की मेहनत ने मिलकर यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
