गरीबी से सरकारी नौकरी तक: बेल्थरा रोड के जीतू कुमार ने रचा सफलता का नया इतिहास, सीआईएसएफ जवान बनने पर हुआ भव्य स्वागत


बेल्थरा रोड (बलिया)। कठिन संघर्ष, मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर बेल्थरा रोड के वार्ड नंबर 6 निवासी जीतू कुमार, स्वर्गीय मिंटू कनौजिया के पुत्र, ने सफलता की नई मिसाल कायम की है। एसएससी जीडी के माध्यम से उनका चयन सीआईएसएफ (CISF) में हुआ। छह माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद पहली बार अपने गृह नगर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
जीतू कुमार का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उनके पिता स्वर्गीय मिंटू कनौजिया कपड़ों पर प्रेस करने का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आर्थिक तंगी के बावजूद जीतू कुमार ने हिम्मत नहीं हारी। वे शाम को बस स्टेशन पर अंडे का ठेला लगाकर परिवार का सहयोग करते थे और रात में पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करने में जुटे रहते थे। दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे जीतू कुमार की मेहनत आखिरकार रंग लाई और उनका चयन सीआईएसएफ में हो गया।
प्रशिक्षण पूरा कर जैसे ही जीतू कुमार बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे, मोहल्ले के लोगों, मित्रों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे स्टेशन परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुन्ना यादव, बबलू कनौजिया, अनिल कनौजिया, अमन, बृजेश, नौशाद अहमद, छोटू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा मौजूद रहे। सभी ने जीतू कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जीतू कुमार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनका संघर्ष यह साबित करता है कि कठिन परिस्थितियां भी उस व्यक्ति का रास्ता नहीं रोक सकतीं, जिसके इरादे मजबूत और लक्ष्य स्पष्ट हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *