उभांव थाने से 200 मीटर आगे दर्दनाक सड़क हादसा: पॉलिटेक्निक छात्र की मौत, आमने-सामने की बाइक टक्कर में गई जान!

बलिया। उभांव थाना से लगभग 200 मीटर आगे सिकंदरपुर मार्ग पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान विशाल पुत्र अवधेश प्रसाद, निवासी ग्राम रामपुर कानूनगोयान, चंदेला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल अपने नाना के साथ बेल्थरा रोड नगर आए थे। उनकी नानी का घर बेल्थरा बाजार में है। नाना की पेंशन निकलवाने के बाद उन्हें घर छोड़कर विशाल वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उभांव थाना से लगभग 200 मीटर आगे सिकंदरपुर मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के समय उधर से गुजर रहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पंकज यादव की नजर घायल युवक पर पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल विशाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए मऊ ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी दुखद मृत्यु हो गई।

विशाल की उम्र महज 19 वर्ष थी और वह कुशीनगर में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में एक बड़ी बहन है और विशाल सबसे छोटे थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार महिला का हाथ फ्रैक्चर होने की सूचना है। उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में उपचार के लिए लाया गया, जबकि बाइक चला रहा युवक मामूली रूप से घायल बताया जा रहा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *