पेड़ से टकराई बाइक, युवक की इलाज के दौरान मौत
दूसरा गंभीर, मऊ के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

बिल्थरारोड (बलिया) उभाँव थाना क्षेत्र के गौरीताल घोसा स्थित बम जी मंदिर के पास शुक्रवार की रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायल युवकों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात करीब ढाई बजे एक युवक ने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुहारी गांव निवासी सत्येन्द्र राजभर (18) पुत्र रामाशंकर राजभर एवं रवि राजभर (14) पुत्र मन्नू राजभर शुक्रवार की शाम किसी कार्यवश सोनाडीह गांव गए थे। रात करीब आठ बजे वापस लौटते समय गौरीताल घोसा में स्थित बम जी मंदिर के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े शीशम के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रात्रि करीब ढाई बजे शैलेन्द्र राजभर ने दम तोड़ दिया। वहीं रवि की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही तेंदुहारी गांव में कोहराम मच गया। शैलेन्द्र की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
