शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार!

बेल्थरारोड/बलिया। थाना उभांव पुलिस ने शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव हत्याकांड से जुड़े गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता व प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला के नेतृत्व में उभांव पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हाहानाला पुलिया के पास से आकाश सोनकर उर्फ शुभम पुत्र दुखंती सोनकर निवासी जयनगर बरहज, जनपद देवरिया को दोपहर करीब 12:05 बजे गिरफ्तार किया।
यह था मामला
गौरतलब है कि 16 सितंबर 2025 को बिठुआ नहर त्रिमुहानी क्षेत्र में स्कूल से घर जा रही एक महिला से चेन छीनने की घटना सामने आई थी। उसी दिन साहुनपुर मुजौना के पास शिक्षक देवेंद्र प्रताप यादव व सहायक अध्यापिका कंचन सिंह के साथ भी छीनाझपटी की गई। विरोध करने पर बदमाशों द्वारा तमंचे से गोली चला दी गई, जिससे गंभीर रूप से घायल देवेंद्र प्रताप यादव की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
मामले में थाना उभांव पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की गई। जांच में छह आरोपियों के विरुद्ध गैंग बनाकर आर्थिक लाभ के लिए अपराध करने की पुष्टि होने पर गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन प्राप्त किया गया। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को यूपी गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट व जुआ अधिनियम समेत कई मामलों में आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किए जा चुके हैं।
पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *