बैंक कर्मचारी पिता और इंटीरियर डिजाइनर बहन से मिली प्रेरणा, एसडीएम शरद चौधरी ने साझा किया सफलता का सफर !










बलिया (बेल्थरारोड):
स्थानीय सेंट जेवियर्स स्कूल में मंगलवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह एवं पीटीएम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों, शिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की नई पहल रोबोटिक एआई लैब विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम शरद चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा नवस्थापित रोबोटिक एआई लैब का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने लैब का निरीक्षण करते हुए इसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की और कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है, ऐसे में रोबोटिक और एआई जैसी शिक्षा छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगी।
इस दौरान एसडीएम ने अपने जीवन से जुड़ा प्रेरणादायक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता बैंक कर्मचारी रहे हैं, जो अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं, और उन्होंने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की सीख दी। साथ ही उनकी बहन, जो एक इंटीरियर डिजाइनर हैं, ने भी उन्हें निरंतर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर अभिभावक की सोच होनी चाहिए कि उनका बच्चा जीवन में आगे बढ़े और सफलता हासिल करे।
कार्यक्रम में जूनियर वर्ग के टॉपर आयुष यादव तथा सीनियर वर्ग की टॉपर प्रगति गोयल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। स्कूल के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र एवं प्रिंसिपल श्रीमती शिला मिश्र ने दोनों छात्रों को 5100 रुपये का चेक, मेडल और प्रमाणपत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अलावा बेस्ट कैप्टन का पुरस्कार मयंक पांडे को तथा बेस्ट हाउस का सम्मान एस्टर (ब्लू) हाउस को दिया गया। शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले शिक्षक दिनेश सर सहित कई विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा रिदम कश्यप को स्कूल भवन की उत्कृष्ट पेंटिंग के लिए ‘बेस्ट क्रिएटर’ पुरस्कार से नवाजा गया। नर्सरी से कक्षा 9वीं एवं 11वीं तक के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
एसडीएम ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि छात्रों का समग्र विकास करना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों—नृत्य, गीत और नाट्य—ने सभी का मन मोह लिया। पूरे समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
