गो-तस्करों पर पुलिस का क्रैकडाउन : मुठभेड़ में एक गिरफ्तार, साथी फरार !

बलिया, 11 जुलाई।
जनपद बलिया में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक  ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भीमपुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

शुक्रवार रात भीमपुरा पुलिस टीम लोहटा पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख दोनों ने बाइक मोड़ ली और खेतों की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान तैयब खान पुत्र टुनटुन खान निवासी बसारिखपुर थाना सिकन्दरपुर के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी सुनील यादव पुत्र राजेश यादव निवासी सिकिया थाना सिकन्दरपुर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पकड़े गए तैयब खान ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मऊ और आजमगढ़ से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर बिहार के करबला सिवान पहुंचाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री अनिल कुमार झा ने भी जानकारी दी है और वीडियो बाइट जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *