नौशेरा का शेर” ब्रिगेडियर उस्मान की जीवनी पर किताब का हुआ लोकार्पण



भारत-पाक युद्ध 1947-48 में अदम्य साहस दिखाकर “शहीदों के सरताज” कहे जाने वाले ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान की वीरगाथा अब शब्दों के रूप में सभी के सामने है। ब्रिगेडियर उस्मान के जीवन और शौर्य पर आधारित पुस्तक “नौशेरा का शेर” का भव्य विमोचन आज नई दिल्ली में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने किया।

यह पुस्तक बलिया निवासी पत्रकार कौसर उस्मान द्वारा लिखी गई है, जिन्होंने अपने शब्दों से इस अमर शहीद के त्याग, साहस और बलिदान को सजीव कर दिया है।

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, जो स्वयं ब्रिगेडियर उस्मान के परिवार से जुड़े हैं, ने विमोचन के दौरान कहा —

> “ब्रिगेडियर उस्मान सिर्फ सेना के अधिकारी नहीं थे, बल्कि उन्होंने अपने कृतित्व से पूरे देश को दिखा दिया कि सच्ची देशभक्ति क्या होती है। यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों को उनका आदर्श बताएगी।”



ब्रिगेडियर उस्मान वे वीर अधिकारी थे जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ लड़ते हुए जान न्योछावर कर दी लेकिन कभी पीछे नहीं हटे। उनके शौर्य के लिए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया।

लेखक कौसर उस्मान ने कहा, “यह सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि एक कोशिश है उस आदर्श को लोगों तक पहुँचाने की जो ब्रिगेडियर उस्मान के जीवन में झलकता है। यह मेरी ओर से देश के एक वीर सपूत को नमन है।”

कार्यक्रम में दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन डॉ. ज़फ़रुल इस्लाम खान सहित कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे।

यह पुस्तक फ़ारोस मीडिया पब्लिशिंग प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली द्वारा प्रकाशित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *