सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के नही पहुँचने से फरियादी मायूस दिखे


बिल्थरारोड। तहसील सभागार में शनिवार को नवागत जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल के आने की सूचना पर फरियादियों का हुजूम उमड़ पड़ा। किन्तु किसी कारण से जिलाधिकारी नही पहुची । जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल के समाधान दिवस में नही आने से फरियादी मायूस दिखे। जिसके चलते तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 195 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को संदर्भित कर दिया। इनमें राजस्व, विकास, आपूर्ति, पुलिस, विद्युत और अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल हैं। समाधान दिवस में दोथ के ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार यादव ने चकरोड और प्राथमिक विद्यालय के रास्ते और खेल मैदान पर किये गए अतिक्रमण को हटाने ने लिए शिकायती पत्र दिया, नगर की रहने वाली नीतू देवी ने सीएचसी सीयर के पैथोलॉजी के लैब टेक्नीशियन द्वारा खून जांच के लिए पैसा मांगने की शिकायत की, परसिया गांव के एक व्यक्ति द्वारा गांव के कुछ लोगो द्वारा नाले पर अवैध कब्जा करने का शिकायती पत्र दिया गया। तहसीलदार ने समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कुछ प्रार्थना पत्रों को मौके पर मौजूद अधिकारियों को निस्तारण के लिए सुपुर्द किया गया। तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय ने प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय अवधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। इस मौके जिलापूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पाण्डेय, सीएमओ , नायब तहसीलदार दीपक सिंह, खण्ड विकास अधिकारी गजेन्द्र प्रताप सिंह, संजय श्रीवास्तव पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
