मां के नाम एक पेड़ : बलिया में लिया गया पर्यावरण बचाने का संकल्पदयाल फाउंडेशन की अनूठी पहल, औषधीय पौधों के रोपण से जुड़ रहा जनमानस


बिल्थरारोड /पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ी को हरा-भरा भविष्य देने के उद्देश्य से बलिया के बेल्थरारोड में दयाल फाउंडेशन द्वारा “एक पेड़ माता के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सीयर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
स्थानीय जनता, चिकित्सक, स्कूली बच्चों समेत सैकड़ों लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाजसेवी राजेश सिंह दयाल की अगुवाई में इस मुहिम को जन आंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति साल में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी पूरी जिम्मेदारी से करे।
मिडिल स्कूल सीयर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर परिसर में नीम, तुलसी, अशोक, अर्जुन, गिलोय जैसे औषधीय पौधे लगाए गए। स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने इन पौधों के औषधीय गुणों पर विस्तार से जानकारी दी और कहा कि ये न केवल पर्यावरण को शुद्ध करेंगे बल्कि लोगों को स्वास्थ्य लाभ भी देंगे।
मीडिया से बातचीत में राजेश सिंह दयाल ने कहा, “माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, वह प्रकृति का स्वरूप भी है। यदि हम एक पेड़ माँ के नाम लगाते हैं तो यह हमारी भावनाओं का प्रतीक भी बनता है और आने वाली पीढ़ियों को जीवन भी देता है।”
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, छात्र और नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। “एक पेड़ माता के नाम” अभियान केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं के बीच अटूट रिश्ता जोड़ने की दिशा में एक ठोस कदम है।
