मुंबई में मजदूरी के दौरान करंट लगने से बलिया के युवक की मौत, शव के इंतजार में बिलख रहा परिवार

बिल्थरा रोड (बलिया)। उभाँव थाना क्षेत्र के फरसाटार निवासी ज्ञान सागर मिश्रा (25 वर्ष) पुत्र उमा मिश्रा की मुंबई में फैक्ट्री में काम करने के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना 2 जुलाई की शाम की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि ज्ञान सागर रोजी-रोटी की तलाश में कुछ समय पहले ही मुंबई मजदूरी करने गए थे। फैक्ट्री में कार्य के दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

मृतक चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। इनकी अभी शादी नहीं हुई थी इस असमय हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर पर मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, ज्ञान सागर का शव एंबुलेंस के माध्यम से मुंबई से उनके पैतृक गांव लाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक एंबुलेंस जबलपुर के आसपास पहुंच चुकी थी और परिवार अंतिम दर्शन के लिए शव के घर पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *