सेंट जेवियर्स स्कूल के पूर्व छात्र रोहित जायसवाल बने प्रथम श्रेणी अधिकारी, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान !

बिल्थरा रोड (बलिया)। सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली बिल्थरा रोड के लिए शुक्रवार को गर्व और खुशी का अवसर रहा। विद्यालय के होनहार पूर्व छात्र रोहित जायसवाल के प्रथम श्रेणी अधिकारी (क्लास-1 ऑफिसर) के पद पर चयनित होने पर स्कूल परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में रोहित जायसवाल के माता-पिता श्रीमती निर्मला जायसवाल एवं श्री कन्हैया लाल जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के निदेशक डॉ. जे. आर. मिश्र ने कहा कि रोहित की उपलब्धि पूरे सेंट जेवियर्स परिवार के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि रोहित ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से न केवल अपने माता-पिता बल्कि विद्यालय का भी नाम रोशन किया है। उनकी सफलता वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. जे. आर. मिश्र एवं प्रधानाचार्या श्रीमती शीला मिश्रा ने रोहित जायसवाल को स्मृति चिह्न, शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके माता-पिता को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उनकी उत्कृष्ट परवरिश व मार्गदर्शन की सराहना की गई।
अपने संबोधन में भावुक हुए रोहित जायसवाल ने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसकी मजबूत नींव सेंट जेवियर्स स्कूल में ही रखी गई थी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासन और अपने माता-पिता के आशीर्वाद को दिया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने रोहित जायसवाल और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *