सीएचसी सीयर के प्रांगण में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र शुरू होने से मरीजो को मिलेगा सस्ते दर पर दवा का लाभ

बिल्थरारोड। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सीयर के प्रांगण में स्थापित जन औषधि केन्द्र का संचालन होने से मरीजों में खुशी की लहर है। सीएचसी सीयर में स्थापित होने के बावजूद कई महिनों तक इसका संचालन न होने से गरीबों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था जिससे लोगों में काफी निराशा का माहौल था। परन्तु अब इसका संचालन होने से लोगों को सस्ते मूल्य पर दवा मुहैया होने लगी है। ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 1 जुलाई 2015 को घोषित एक खास योजना है। इस योजना में सरकार द्वारा उच्च गुणवत्ता वाली जेनरिक दवाइयां बाजार मूल्य से 50 से 70 फीसदी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं। इसी योजना के तहत सीएचसी सीयर के प्रांगण में जन औषधि केन्द्र स्थापित की गई थी। चूकि जन औषधि केन्द्र की स्थापना सीएचसी सीयर प्रांगण में आगे न होकर डाक्टर्स कालोनी के पीछे की गई है। ऐसे में अधिकांश मरीजों की निगाहें इस जन औषधि केन्द्र पर नहीं पड़ती है। स्थापना के कई माह बाद भी इसे शुरू नहीं जा सका था। जिससे केंद्र सरकार की मंशा के अनुसार आम व गरीब आदमी को सस्ते मूल्य पर दवा उपलब्ध नहीं हो रही है। उस दौरान पूछे जाने पर सीएचसी सीयर के अधीक्षक का कहना था कि यह केंद्र निजी संस्थानों द्वारा संचालित किया जाता है तथा उन्हें काफी पहले से आवंटित है तथा अभी ड्रग लाइसेंस की प्रक्रिया में है। तत्कालीन सीएमओ ने भी इसे जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया था। लम्बे इंतजार के बाद प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र के शुरू होने से गरीब तबके के मरीजों ने राहत की सांस ली है। चूकि जन औषधि केन्द्र सीएचसी सीयर के पिछले हिस्से में स्थापित है। ऐसे में अधिकांश मरीजों को इसके संचालन के बारे में जानकारी ही नहीं है। शनिवार को जन औषधि केन्द्र से दवा ले रहे पतनारी निवासी श्याम देव का कहना है कि यहां से दवा लेने पर काफी सहूलियत मिल रही है। अन्य दवा केंद्रों की अपेक्षा पैसे की भी बचत हो रही है। नगर निवासी मोहित का भी कहना था कि जन औषधि केन्द्र के खुलने से सस्ते मूल्य पर दवा उपलब्ध हो जा रही है। मनीष सिंह कहते हैं कि वास्तव में अस्पताल का बाजारीकरण हो गया है। जन औषधि केन्द्र सरकार की एक बहुत ही अच्छी योजना है। इसमें निम्न वर्ग के लोगों को सस्ते में दवाईयां उपलब्ध हो जाती हैं। कहा कि इसके संचालन से अब गरीबों को महंगे दामों पर दवा खरीदने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। राजकेश्वर प्रसाद गुप्ता भी जन औषधि केन्द्र के संचालन पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहते हैं कि इसे बहुत पहले ही शुरू हो जाना चाहिए था। धन्नजय गुप्ता कहते हैं कि बेल्थरारोड में जन औषधि केन्द्र का शीघ्र शुभारंभ गरीब मरीजों के लिए एक राहत की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *