पंचायत सहायकों ने समस्याओं को लेकर खोला मोर्चा, बीडीओ को सौंपा मांग पत्र!


बेल्थरा रोड। विकास खंड सीयर कार्यालय पर पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी फैसल आलम व सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मनोज सिंह को ज्ञापन सौंपा। पंचायत सहायकों ने कहा कि उनसे लगातार कई विभागीय कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन सुविधाएं और संसाधन पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने सीएससी संचालन से होने वाली आय का पारदर्शी निस्तारण, मकान सूचीकरण व गणना कार्य का उचित पारिश्रमिक, लंबित मानदेय भुगतान, स्टेशनरी की व्यवस्था तथा पंचायत भवनों में कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा फील्ड कार्यों के लिए मोबाइल और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान पंचायत सहायक संघ के अध्यक्ष राजन साहू, उपाध्यक्ष आदर्श यादव समेत बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।
