बिल्थरारोड नगर पंचायत में 3 सभासद मनोनीत, क्षेत्र में खुशी की लहर!


बिल्थरारोड (बलिया)। उत्तर प्रदेश नगरपालिका अधिनियम के तहत राज्यपाल द्वारा बिल्थरारोड नगर पंचायत में दो महिलाओं समेत कुल तीन सभासदों को मनोनीत किया गया है। मनोनयन पत्र जारी होते ही नगर क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया और शुभचिंतकों में उत्साह देखने को मिला।
मनोनीत सभासदों में अमित जायसवाल, सीमा राजभर और सुशीला देवी शामिल हैं। वार्ड नंबर 10 निवासी अमित जायसवाल के मनोनीत होने पर समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया और बधाइयों का तांता लग गया।
मनोनीत होने के बाद अमित जायसवाल ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा तथा जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन एवं पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दुबे का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान अमित जायसवाल ने कहा कि उन्हें जिस विश्वास और अपेक्षा के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में सभासद राममनोहर गांधी, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश गुप्ता और पंकज मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
