बिल्थरा रोड में स्वर्णकार समाज का होली मिलन: एकजुटता, शिक्षा और संगठन पर जोर

बिल्थरा रोड। नगर के राधिका मैरेज हॉल में मंगलवार रात स्वर्णकार समाज द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने आपसी एकता, शिक्षा के महत्व और संगठन की मजबूती को लेकर गंभीर चर्चा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के न पहुंच पाने से हल्की निराशा देखने को मिली, जबकि समारोह की अध्यक्षता मोहन सिंह वर्मा ने की और संचालन धर्मेंद्र सोनी द्वारा किया गया। विशिष्ट अतिथियों में रिंटू वर्मा व पिंटू वर्मा मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में जय प्रकाश सर्राफ ने अपने संबोधन में कहा कि “व्यापार और बिरादरी अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन समाज के विकास के लिए एकता बेहद आवश्यक है।” उन्होंने अन्य समाजों की एकजुटता से सीख लेने की बात भी कही।
नगर अध्यक्ष विवेक सर्राफ ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि समाज की भागीदारी शिक्षा व पुलिस प्रशासन जैसे क्षेत्रों में काफी कम है, जिसे बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं। वहीं शुभनाथ सर्राफ ने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
संचालक धर्मेंद्र सोनी ने संगठन की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा कि “जब एक आवाज पर पूरा समाज खड़ा होगा, तभी संगठन मजबूत बनेगा।” वक्ताओं ने समाज में एकजुटता की कमी पर चिंता जताते हुए ऐसे आयोजनों को आपसी मेल-जोल का सशक्त माध्यम बताया।
समारोह के दौरान सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अध्यक्षता कर रहे मोहन सिंह वर्मा ने सरकार से मांग की कि स्वर्णकार समाज के इच्छुक लोगों को असलहा लाइसेंस प्रदान किया जाए और इस दिशा में ठोस कार्रवाई हो।
कार्यक्रम में विवेक सर्राफ, शुभनाथ सर्राफ, मनोज सर्राफ, रिंकू वर्मा, कामाख्या वर्मा, सूरज वर्मा, अमित सोनी, प्रदीप सोनी, राजेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी विशेष बल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *