धूप में दौड़ा जोश, मैदान में दिखी प्रतिभा: बेल्थरारोड में तहसील स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न
बिल्थरारोड, बलिया। जीएमएएम इंटर कॉलेज के खेल मैदान में गुरुवार को तहसील स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तेज धूप के बावजूद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से करीब 400 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और दौड़ सहित एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जीएमएएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मो. मोबिन ने किया। प्रतियोगिता में जीएमएएम इंटर कॉलेज के अलावा डीएवी इंटर कॉलेज, जीआईसी अखोप, श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज, मां शंकुतला देवी इंटर कॉलेज अतवा तुरतीपार तथा जीआईसी सोनाडीह के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।


दौड़ समेत कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
शारीरिक शिक्षक दानिश मोहसिन की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। तेज धूप के बीच भी खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 90 खिलाड़ियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया।
अब जिला, मंडल और राज्य स्तर पर दिखेगा हुनर
तहसील स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब बलिया के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडलीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
बताया गया कि मंडलीय प्रतियोगिता 16 और 17 अक्टूबर को मऊ में प्रस्तावित है। इसके बाद चयनित खिलाड़ी 27 से 31 अक्टूबर तक प्रयागराज में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शिक्षक और खेल प्रशिक्षक रहे मौजूद
प्रतियोगिता के दौरान आमिर शहजाद, जय बहादुर यादव, जय प्रकाश भारती, विमला मौर्य, मंजित कुमार, अजीत सिंह, जमीरुद्दीन, संगीता, सानिया खुर्शीद, अनस इश्तेयाक, अरशद अली अंसारी, सुहेल उस्मानी, साजिद खान और महताब आलम समेत शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
