सोनाडीह मेला में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल!

बिल्थरारोड। सोनाडीह स्थित मां भागेश्वरी मंदिर पर लगे मेले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन युवकों ने एक युवक को डंडे और बेल्ट से बुरी तरह पीटा। इस घटना ने मेले में तैनात पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्व में मेले की सुरक्षा को लेकर उभांव इंस्पेक्टर संजय शुक्ला द्वारा भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की बात कही गई थी। साथ ही मेला संचालक से आवश्यक जानकारी लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा भी किया गया था। इसके बावजूद इस तरह की घटना का सामने आना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
मारपीट में घायल युवक की पहचान बृजेश के रूप में हुई है, जो उभांव थाना क्षेत्र के पतनारी गांव का निवासी है। पीड़ित युवक के अनुसार, झूला संचालक के लोगों ने न केवल उसे बल्कि एक अन्य छोटे झूला संचालक अजीत को भी मारापीटा।
इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं—बुधवार को मंदिर का गेट बंद होने और झूले के बंद होने के बाद दोबारा चालू होने के पीछे किसका संरक्षण था? आखिर किसके सह पर इस घटना को अंजाम दिया गया?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बावजूद उभांव पुलिस द्वारा झूला संचालक और उसके सहयोगियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी ओमवीर सिंह ने उभांव पुलिस को घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।
