सेंट जेवियर्स किड्स सोनाडीह मार्ग सिटी ब्रांच इमिलिया रोड के बच्चों की अनोखी पहल अग्निकांड पीड़ित की बेटी की शादी में बांटी खुशियां!


हल्दीरामपुर-छपिया अग्निकांड के बाद समाज के विभिन्न वर्ग लगातार पीड़ित परिवारों के सहारे के रूप में सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सेंट जेवियर्स किड्स, सोनाडीह मार्ग एवं सिटी ब्रांच इमिलिया रोड के स्कूली बच्चों ने एक सराहनीय पहल करते हुए पीड़ित परिवार की बेटी की शादी में खुशियां बांटने का प्रयास किया।
अग्निकांड पीड़ित बब्लू की बेटी वंदना की शादी के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से पहुंचे बच्चों ने साड़ी, गिफ्ट और फल आदि भेंट किए। बच्चों ने अपने हाथों से यह उपहार वंदना और उसके परिवार को सौंपे, जिससे वहां का माहौल भावुक हो उठा।
ज्ञात हो कि हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड में गांव के दर्जनों घर जलकर राख हो गए थे। इस हादसे में बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया सामान भी आग की भेंट चढ़ गया था।
लेकिन इस आपदा के बाद जिस तरह समाज के हर वर्ग ने आगे बढ़कर मदद की, उसने पीड़ित परिवारों को नया हौसला दिया। प्रशासन, सामाजिक संगठन, व्यापार मंडल, शिक्षक दंपति और स्थानीय लोगों के बाद अब स्कूली बच्चों की यह पहल भी चर्चा का विषय बन गई है।
विद्यालय परिवार का कहना है कि बच्चों के मन में पीड़ितों के प्रति संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षा का अहम हिस्सा है। इसी उद्देश्य से बच्चों ने अपनी ओर से उपहार सामग्री देकर एक प्रेरणादायक संदेश देने का प्रयास किया है।
ग्रामीणों ने भी विद्यालय परिवार और बच्चों की इस पहल की जमकर सराहना की है।
