उभांव थाना में पुलिस झंडा दिवस धूमधाम से मनाया गया, प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल ने दिलाई सेवा-सुरक्षा की शपथ
उभांव (बलिया): रविवार को उभांव थाना परिसर में पुलिस झंडा दिवस बड़े सम्मान और औपचारिकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल ने किया। ध्वज को सलामी देकर समारोह की शुरुआत की गई और पुलिस ध्वज के इतिहास, सम्मान तथा अनुशासन की परंपरा पर प्रकाश डाला गया।



प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल ने कहा कि पुलिस ध्वज सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि “कर्तव्य, निष्ठा और साहस” का संदेश देता है। उन्होंने जवानों को जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और पारदर्शी पुलिसिंग के लिए निरंतर समर्पण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, मुकेश कुमार, किरण यादव, सुमित त्रिपाठी सहित दर्जनों की संख्या में हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल एवं महिला कांस्टेबल मौजूद रहीं। सभी पुलिसकर्मियों ने ध्वज को नमन करते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर तरीके से निभाने का संकल्प दोहराया।
झंडा दिवस के मौके पर थाने में एक संक्षिप्त मार्च-पास्ट भी आयोजित किया गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने सभी जवानों की सेवा भावना की सराहना की और कहा कि पुलिस-जन सहयोग से ही समाज में शांति और सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सकता है।
